Indian Coast Guard Day 2025: भारत देश की और भारत के लोगों की सुरक्षा में कई सैनिक दिन-रात विभिन्न सीमाओं पर डटे हुए हैं। भारत की सुरक्षा का जिम्मा केवल थल सेना और वायुसेना के पास ही नहीं बल्कि भारतीय तटरक्षक बल के पास भी होती है। भारतीय तटरक्षक बल यानी Indian Coast Guard।
भारतीय तटरक्षक बल का कार्य अन्य सीमाओं पर तैनात जवानों से भिन्न होता है। भारतीय तटरक्षक बल के सदस्य भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, समुद्री कानूनों के प्रवर्तन और समुद्री आपदाओं के दौरान खोज और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना के मत्स्य विभाग, राजस्व विभाग (सीमा शुल्क), राज्य पुलिस बलों की तटीय पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ सहयोग में काम करता है।
हर वर्ष 1 फरवरी को 'भारतीय तटरक्षक दिवस' के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भारतीय तटरक्षक बल की स्थापना और इसके द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को सम्मानित करने के लिए भारतीय तटरक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन हम उन बहादुर जवानों के समर्पण और सेवा को याद करते हैं, जो देश की समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने में निरंतर तत्पर रहते हैं। भारतीय तटरक्षक बल दिवस के अवसर पर कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है।
इस लेख में हम आपको भारतीय तटरक्षक दिवस के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। इस लेख में भारतीय तटरक्षक दिवस की तिथि, थीम, इतिहास, महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
भारतीय तटरक्षक दिवस 2025 महत्वपूर्ण तथ्य
- स्थापना: 1 फरवरी 1977
- मुख्यालय: नई दिल्ली
- मोटो: "वयम् रक्षामः" (हम रक्षा करते हैं)
Indian Coast Guard Day 2025 तिथि
हर साल 01 फरवरी के दिन देश भर में भारतीय तटरक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन भारतीय तटरक्षक बल के जवानों को सम्मानित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
भारतीय तटरक्षक दिवस इतिहास क्या है?
भारतीय तटरक्षक बल की स्थापना 1 फरवरी 1977 को की गई थी। भारतीय तटरक्षक दिवस का मुख्य उद्देश्य समुद्री तस्करी को रोकना और भारत की समुद्री अर्थव्यवस्था की सुरक्षा करना था। इसके बाद 18 अगस्त 1978 को संसद द्वारा इसे आधिकारिक मान्यता दी गई। तब से हर वर्ष 1 फरवरी को 'भारतीय तटरक्षक दिवस' मनाया जाता है।
Indian Coast Guard Day 2025 थीम
प्रत्येक वर्ष भारतीय तटरक्षक दिवस एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है। भारतीय तटरक्षक दिवस की थीम तटरक्षक बल की जिम्मेदारियों के विभिन्न पहलुओं पर आधारित होता है। इस थीम में तटरक्षक बल के आगामी योजनाओं को भी प्रतिविंबित किया जाता है। हालांकि भारतीय तटरक्षक दिवस 2025 की थीम की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है। भारतीय तटरक्षक दिवस 2025 थीम की घोषणा होते ही इस लेख को अपडेट किया जाएगा।
भारतीय तटरक्षक बल का आदर्श वाक्य | Indian Coast Guard Motto
भारतीय तटरक्षक बल का आदर्श वाक्य वम् रक्षामः (वयम् रक्षामः) है, संस्कृत में इसका अर्थ है "हम रक्षा करते हैं"।
भारतीय तटरक्षक दिवस 2025 महत्व
भारतीय तटरक्षक दिवस का दिन तटरक्षक बल के सदस्यों के समर्पण, बहादुरी, और सेवा के प्रति सम्मान प्रकट करने का विशेष अवसर है। भारत को सीमा और वायु सुरक्षा के साथ ही साथ समुद्री सुरक्षा भी आवश्यकता है। तटीय निगरानी और आपदा प्रबंधन में भारतीय तटरक्षक के सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय तटरक्षक दिवस हमें उन बहादुर जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर प्रदान करता है, जो देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनका समर्पण और सेवा देश की सुरक्षा और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
भारतीय तटरक्षक बल के प्रमुख कार्य
- भारतीय तटरक्षक बल भारत के समुद्री क्षेत्रों की निगरानी करता है और अवैध गतिविधियों, जैसे तस्करी और समुद्री डकैती, को रोकता है।
- समुद्री आपदाओं के दौरान, तटरक्षक बल खोज और बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है, जिससे अनगिनत लोगों की जान बचाई जाती है।
- समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा में भी तटरक्षक बल का महत्वपूर्ण योगदान है, जिसमें तेल रिसाव जैसी घटनाओं को नियंत्रित करना शामिल है।
- तटीय क्षेत्रों की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित करना, विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में, तटरक्षक बल की प्राथमिकताओं में शामिल है।