UP Board Exam 2022 Class 12th English Paper Leaked Latest News माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने यूपी बोर्ड 12वीं परीक्षा 2022 अंग्रेजी पेपर को रद्द कर दिया है। यूपी बोर्ड 12वीं कक्षा अंग्रेजी पेपर आयोजित होने से पहले ही सोशल मीडिया पर लीक हो गया। जिसके बाद यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक विनय कुमार पांडेय ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि यूपी बोर्ड 12वीं अंग्रेजी पेपर आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और गोरखपुर समेत 24 जिलों में रद्द किया गया है। यूपी बोर्ड 12वीं अंग्रेजी पेपर की नई तिथि जल्द ही यूपी बॉर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वह किसी भी फर्जी खबर से बचने के लिए करियर इंडिया या यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें।
यूपी बोर्ड 12वीं परीक्षा 2022 अंग्रेजी पेपर दूसरी पाली में आयोजित होने से पहले प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। इसलिए वहां परीक्षा रद्द कर दी गई है। यूपी बोर्ड 12वीं अंग्रेजी पेपर बलिया जिले में लीक हुआ है। राज्य के 75 जिलों में दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक यूपी इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा होनी थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए, यूपी बोर्ड द्वारा राज्य सरकार के आदेश पर राज्य के 24 जिलों में जहां पेपर लीक हुआ था, वहां अंग्रेजी परीक्षा रद्द कर दी गई है। लेकिन शेष जिलों में निर्धारित अंग्रेजी परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया गया है।
पेपर लीक के बाद जिन जिलों में परीक्षा रद्द की गई उनमें आगरा, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, बागपत, बदायूं, शाहजहांपुर, उन्नाव, सीतापुर, ललितपुर, महोबा, जालौन, चित्रकूट, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, गोंडा, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, कानपुर देहात, एटा और शामली आदि शामिल हैं। अधिकारी ने कहा कि बलिया में इंटरमीडिएट अंग्रेजी परीक्षा के 316 ईडी और 316 ईआई की श्रृंखला के "पेपर लीक होने के बाद 24 जिलों में परीक्षा रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा इन 24 जिलों में होने वाली इंटरमीडिएट की अंग्रेजी परीक्षा की नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
बता दें कि यूपी बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा के लिए 27,81,654 उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन किया है, जबकि यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 24,11,035 छात्रों के रजिस्ट्रेशन किया है। यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 के लिए कुल 51,92,689 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किया है। बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि हाई स्कूल परीक्षा के लिए 27,81,654 छात्रों में से 15,53,198 लड़के और 12,28,456 लड़कियां शामिल हैं। जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए पंजीकृत 24,11,035 छात्रों में से 13,24,200 लड़के और 10,86,835 लड़कियां शामिल हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा 24 मार्च 2022 से शुरू हुई है। परीक्षा के लिए कुल 8,373 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
UP Board Admit Card 2022 Download Link यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं एडमिट कार्ड 2022 डाउनलोड करें